इलेक्ट्रॉनिक्स के लिए सही बिन का उपयोग करें।
अपने स्थानीय ड्रॉप-ऑफ प्वॉइंट पर e-waste को रीसायकल करें।
इलेक्ट्रॉनिक्स आपके घरेलू बिन में नहीं डाले जाने चाहिए। ऐसा इसलिए है क्योंकि इनमें बैटरियां होती हैं, जिन्हें कुचलने पर आग लग सकती है या पर्यावरण में प्रदूषण हो सकता है।
अब हमारे घरों में पहले से कहीं अधिक इलेक्ट्रॉनिक कचरा (electronic waste) मौजूद है, और कई में छिपी हुई बैटरियाँ होती हैं।
हरेक साल कचरे के ट्रकों और रीसाइक्लिंग केंद्रों में आग लगने की हजारों घटनाएँ होती हैं, क्योंकि इन छिपी हुई बैटरियों को घरेलू बिनों में डाला जाता है।
सही ढंग से इनकी रीसाइक्लिंग करके खुद को, अपने समुदाय को और पर्यावरण को सुरक्षित रखें। यहां बताया गया है कि अपने घर में e-waste का पता कैसे लगाएं और अपना स्थानीय ड्रॉप-ऑफ प्वॉइंट कैसे ढूंढें।
E-waste क्या होता है?
E-waste इलेक्ट्रॉनिक कचरा होता है। यह बैटरी, प्लग या तार युक्त कोई भी आइटम होता है। कुछ की पहचान करना आसान होता है, जैसे वैक्यूम क्लीनर या मोबाइल फोन। कुछ की पहचान करना कठिन होता है, जैसे खिलौने, टूथब्रश या यहां तक कि वेप्स भी।
मैं यह कैसे बता सकता/ती हूं कि किसी आइटम में छिपी हुई बैटरी मौजूद है?
यदि इसमें रोशनी जलती है, इससे आवाज़ निकलती है, यह हिलता-डुलता है या इसे चार्ज करने की आवश्यकता होती है, तो यह e-waste है। सामान्य आइटमों में शामिल हैं:
- ब्लूटूथ स्पीकर और हेडफ़ोन
- इलेक्ट्रिक टूथब्रश
- ई-स्कूटर, ई-बाइक और होवरबोर्ड
- चमकने वाले या ऐसे खिलौने, जिनमें रोशनी जलती है
- व्यक्तिगत देखभाल डिवाइस (जैसे शेवर)
- पावरपैक और पोर्टेबल चार्जिंग डिवाइस
- बिजली के उपकरण
- रिमोट नियंत्रित और राइड-ऑन खिलौने
- वैक्यूम क्लीनर (तारमुक्त, हाथ से पकड़े जाने वाले और रोबोटिक)
- वेप्स
- पहने जा सकने वाले डिवाइस (जैसे स्मार्टवॉच, ट्रैकर्स, मेडिकल एड्स)
यह महत्वपूर्ण क्यों है?
विक्टोरिया में e-waste को घरेलू या काउंसिल के बिन में फेंकना अवैध है। फायर रेस्क्यू विक्टोरिया (FRV) को एक दिन में छिपी हुई बैटरियों के कारण लगने वाली आग की लगभग एक घटना का सामना करना पड़ता है। ऐसा तब होता है, जब संग्रह में बैटरियों को कुचला जाता है।
E-waste में मूल्यवान सामग्रियाँ भरी-पूरी होती हैं और इसे नई तकनीक, नवीकरणीय ऊर्जा और यहां तक कि चिकित्सीय उपकरणों में भी रीसायकल किया जा सकता है।
E-waste को रीसायकल कैसे करें
अपने घर में e-waste की पहचान करें
अपने घर में e-waste की पहचान करने के लिए हमारी सूची का उपयोग करें और इसे अपने बिन में न फेंके। इसे अपने स्थानीय e-waste रीसाइक्लिंग बिन में ले जाएं।
अपने स्थानीय e-waste बिन की खोज कैसे करें
अपने सबसे नज़दीकी ड्रॉप-ऑफ प्वॉइंट की खोज करने के लिए अपने काउंसिल की वेबसाइट देखें।
आप यहां भी जा सकते/ती हैं:
- Recycle Mate या Planet Ark, ताकि आप अपने स्थानीय रीसाइक्लिंग विकल्पों की खोज कर सकें, जिसमें वेप्स भी शामिल हैं।
- B-cycle, ताकि आप AA और अन्य आकार की बैटरियों, बटन और रिचार्जेबल बैटरी के लिए ड्रॉप-ऑफ प्वॉइंट्स की खोज कर सकें।
इस्तेमाल की गई बैटरियों को सुरक्षित रूप से स्टोर करें
- बैटरियों के सिरों को पारदर्शी स्टिकी टेप से ढकें। इससे चिंगारियाँ पैदा होने और आग लगने की रोकथाम में मदद मिलती है।
- इन्हें ढीले ढक्कन वाले कांच या प्लास्टिक के कंटेनर में स्टोर करें (जैसे जैम का जार या आइसक्रीम टब)।
- बैटरियों को धातु के कंटेनर में स्टोर न करें।
- धातु की अन्य वस्तुओं के साथ स्टोर न करें।
- गर्मी से दूर किसी ठंडी, शुष्क जगह पर स्टोर करें।
- बैटरियों को बच्चों और पालतू जानवरों से दूर रखें।